‘इग्नाइट-2026’ में विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, ‘रिदम-2026’ के पोस्टर का हुआ विमोचन
झुंझुनूं(दैनिक अमृतधारा निलेश मुदगल)। श्री जेजेटी यूनिवर्सिटी के ऑडिटोरियम में शनिवार को सांस्कृतिक विभाग की ओर से ‘इग्नाइट-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, सामूहिक नृत्य, शेरो-शायरी सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान आगामी ‘रिदम-2026’ के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘मिस एवं मिस्टर फ्रेशर’ प्रतियोगिता रही। प्रतिभागियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक किया। इसके बाद निर्णायकों ने प्रतिभागियों से सामान्य ज्ञान एवं मानसिक योग्यता से जुड़े सवाल पूछे। प्रतियोगिता में जिया को मिस फ्रेशर, जबकि गौरव सिंह को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। वहीं अनीता ने मिस पर्सनालिटी और फैजान ने मिस्टर पर्सनालिटी का खिताब हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। प्रारंभ में डॉ. अनंता शांडिल्य ने स्वागत उद्बोधन दिया और विश्वविद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी। डॉ. आरती पवार ने विश्वविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। खेल निदेशक डॉ. अरुण कुमार ने एनसीसी, स्काउट एवं गाइड की उपयोगिता तथा सरकारी सेवाओं में इनके महत्व पर प्रकाश डाला।
कल्चरल सेल प्रभारी डॉ. नाजिया हुसैन के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. धर्मेंद्र कौशिक ने सभी का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. आरती पवार के प्रतिनिधित्व में छात्रा जिया, मानसी तथा छात्र गौरव और राहुल ने किया।
यूनिवर्सिटी प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रबंधन की ओर से चयनित विद्यार्थियों को 5100 एवं 1100 रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के लिए इस तरह के आयोजन भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता, रजिस्ट्रार डॉ. अजीत कुमार एवं मुख्य वित्त अधिकारी डॉ. अमन गुप्ता ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

