झुंझुनू(दैनिक अमृतधारा निलेश मुदगल)। स्वर्णकार समाज सेवा समिति की ओर से दसवां प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को इंदिरा नगर स्थित सामुदायिक विकास भवन में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने कहा कि बदलते समय के साथ स्वयं में परिवर्तन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वर्णकार समाज की पहचान लंबे समय तक आभूषण व्यवसाय से जुड़ी रही, लेकिन आज समाज शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीक को अपनाने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जिला कलेक्टर ने कहा कि बेटियां परिवार की महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं। एक बेटी दो परिवारों को संवारती है, इसलिए बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 3100, 2100 और 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं अन्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 50 प्रतिभावान विद्यार्थियों को 500 रुपये नकद एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा सरकारी नौकरी प्राप्त करने वाले, डॉक्टरेट, इंजीनियरिंग एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में समाज के भामाशाहों, कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठजनों को भी सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में चिड़ावा स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार सोनी एवं डॉ. राहुल सोनी मौजूद रहे। समिति के उपाध्यक्ष राजेंद्र वर्मा ने स्वागत उद्बोधन दिया। सचिव विश्वनाथ सोनी ने समिति की वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अध्यक्ष शिवकुमार सोनी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रामनिवास सोनी एवं वीणा सोनी ने किया।
इस अवसर पर एडवोकेट रामावतार सोनी, राजकुमार कड़ेल, गणेश डावर, विनोद कुमार सोनालिया, आनंद कड़ेल, अशोक कुमार, किशोरी लाल रोडा, बजरंग लाल छापरवाल, संदीप सोनी, नटवर कड़ेल, संजय कुमार कड़ेल, गणेश सोनालिया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।

