पुंडरी हल्के में चला पौधा रोपण अभियान
हल्के के विभिन्न गांवों में चला पौधारोपण अभियान, विधायक सतपाल जांबा ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश
पुंडरी (अमृतधारा/कृष्ण प्रजापति): पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक और सार्थक पहल करते हुए आज पुंडरी विधानसभा क्षेत्र के गांव हजवाना, रमाना रमानी, बाकल, करोड़ा और कुकरकंडा में वृक्षारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह अभियान प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों को स्वच्छ व हरित वातावरण देने के उद्देश्य से शुरू किया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने मिलकर गांवों में विभिन्न प्रकार के छायादार और फलदार पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। विधायक सतपाल जांबा ने इस अवसर पर कहा कि एक पेड़ भविष्य की नींव है। जब हम एक पौधा लगाते हैं, तो हम केवल हरियाली नहीं बढ़ाते, बल्कि एक बेहतर कल की नींव रखते हैं। आज का यह प्रयास आने वाले वर्षों में शुद्ध वायु, हरित आवरण और वर्षा के संतुलन के रूप में लौटकर आएगा।
विधायक जांबा ने इस अभियान में भाग लेने वाले सभी लोगों का ह्रदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सिर्फ पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण भी सुनिश्चित करें। इस अभियान ने न केवल ग्रामीणों में जागरूकता फैलाई, बल्कि एक सकारात्मक संदेश भी दिया कि जनभागीदारी से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मिलकर संकल्प लिया कि आने वाले समय में और अधिक पौधारोपण कर पुंडरी क्षेत्र को हरा-भरा बनाएंगे।